प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार को घेरा, साथ में शेयर किया ये विडियो

यह पूरा मामला कानपुर जिले के नौबस्ता थाना क्षेत्र का है। यहां उस्मानपुर के एक निजी गेस्टहाउस में भाजपा के दक्षिण जिला मंत्री नारायण सिंह भदौरिया का जन्मदिन बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा था।

इसी जन्मदिन की पार्टी में कानपुर का वॉन्टेड अपराधी और हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह भी पहुंचा था। जब पार्टी अपने शबाब पर थी, तभी मनोज की भनक पुलिस को लग गई। सूचना मिलते ही नौबस्ता थाने की पुलिस टीम भाजपा नेता के कार्यक्रम में जा पहुंची और हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो शेयर करने के साथ प्रियंका गांधी ने लिखा, ‘यूपी सरकार का दावा रहता है .

प्रदेश “अपराधमुक्त” हो चुका है, सारे अपराधी प्रदेश छोड़ चुके हैं। लेकिन, असलियत देखिए। आज कानपुर पुलिस एक बड़े अपराधी को पकड़ने पहुंची तो भाजपा नेता ने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर जमकर हंगामा किया। पुलिस से धक्का-मुक्की की और अपराधी को छुड़ा ले गए। प्रदेश अपराधमुक्त है या भाजपा अपराधीयुक्त?’

कांग्रेस महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने कानपुर की घटना को लेकर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर एक वीडियो शेयर करते हुए पूछा, ‘प्रदेश अपराधमुक्त है या भाजपा अपराधीयुक्त?’

दरअसल, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के जिला मंत्री नारायण सिंह भदौरिया की जन्म दिन पार्टी में शामिल होने आए हिस्ट्रीशीटर और वॉन्टेड अपराधी मनोज सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। जब पुलिस हिस्ट्रीशीटर को लेकर जाने लगी तो बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस टीम पर हमला कर उसे छुड़ा लिया और भगा दिया।