उत्तराखंड विधानसभा चुनाव-2022 : बीजेपी ने शुरू की ये तैयारी , जानिए कब होगा चुनाव संचालन समिति का ऐलान

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव-2022 में फतह के लिए भाजपा नवरात्रों के बाद चुनाव संचालन समिति का ऐलान कर सकती है। हाईकमान ने इस समिति के गठन पर भी काम शुरू कर दिया है।

माना जा रहा है कि इस महत्वपूर्ण कमेटी में पार्टी के लगभग दस दिग्गजों को शामिल किया जा सकता है। भाजपा में चुनाव संचालन कमेटी की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। हालांकि, भाजपा उत्तराखंड चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी पहले ही साफ कर चुके हैं कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ही पार्टी का चेहरा होंगे और पार्टी की जीत पर उन्हें ही मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।

वहीं, भाजपा में प्रदेश चुनाव संचालन समिति के प्रमुख की भी बड़ी जिम्मेदारी मानी जाती है और एक तरह के चुनाव में उन्हें भी चेहरे के तौर पर देखा जाता है। भाजपा पार्टी के किस दिग्गज को यह जिम्मेदारी सौंपती है, इसे लेकर पार्टी के भीतर चर्चाओं का दौर शुरू हो चुका है। भाजपा हाईकमान ने पार्टी के घोषणा पत्र प्रमुख की कमान पूर्व केंद्रीय मंत्री व पूर्व सीएम डा. रमेश पोखरियाल निशंक को सौंपी है।

निशंक के लंबे अनुभव के चलते उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। उनके साथ सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री विशन सिंह चुफाल, सुबोध उनियाल, विधायक चंदन रामदास, हरभजन सिंह चीमा, ऋतु खंडूड़ी व डा. ओपी कुलश्रेठ को शामिल किया गया है। भट्ट व बहुगुणा विशेष संपर्क टीम में: नैनीताल सांसद अजय भट्ट व पूर्व सीएम विजय बहुगुणा को विशेष संपर्क कमेटी का प्रमुख बनाया गया है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत, कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत, सतपाल महाराज, हरक सिंह रावत, यशपाल आर्य, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह व मनोज गर्ग को सह प्रमुख की जिम्मेदारी दी है।