शादी न करने पर लड़की को दी जान से मारने की धमकी , फिर बनाई आपत्तिजनक फोटो, पुलिस ने किया गिरफ्तार

शादी न करने पर लड़की और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने और लड़की की आपत्तिजनक फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले शोहदे को रविवार को रामगढ़ताल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।

मां का आरोप है कि सागर घर के नम्बर के अलावा उसके लड़के के नंबर पर भी फोन कर धमकी देता था। उसकी धमकी से पूरा परिवार डरा हुआ था। पुलिस ने धमकी के साथ ही आईटी एक्ट की धारा में केस दर्ज कर आरोपित सागर की तलाश में जुटी थी। रविवार को पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।

रामगढ़ताल क्षेत्र के रामगढ़ निवासी आरोपित सागर निषाद ने रामगढ़ताल इलाके की एक लड़की से जबरियां शादी करने का दबाव बना रहा था। वह लड़की का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा था। भद्दे-भद्दे कमेंट कर रहा था। यही नहीं, शादी नहीं करने पर पूरे परिवार के साथ ही लड़की को भी जान से मारने की धमकी दे रहा था। उधर लड़की की मां ने इस मामले में रामगढ़ताल थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था।