सौतेले पिता ने नाबालिग बेटी के साथ किया ऐसा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के बैतूल में रिश्तों को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने उसी लड़की का बलात्कार कर दिया, जो उसे पापा बोलती थी। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने सौतेले पिता पर एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, बैतूल के गंज थाना क्षेत्र में रहने वाली एक 17 साल की नाबालिग पीड़िता ने अपने सौतेले पिता पर रेप का आरोप लगाया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने 30 साल के पिता पर आईपीसी की धारा 376, पॉक्सो ऐक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर दिया है।

पीड़िता के मुताबिक, गुरुवार को उसके सौतेले पिता ने उसके साथ दुराचार करने की कोशिश की, लेकिन तभी उसकी मां आ गई और उसे बचा लिया। इसके बाद मां-बेटी थाने गईं और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने कहा कि करीब एक महीने पहले भी उसके सौतेले पिता ने उसके साथ दुराचार किया था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। महिला डेस्क प्रभारी डीएसपी पल्लवी गौर ने कहा, ‘पीड़िता की मां को उसके सगे पिता ने पांच साल पहले छोड़ दिया था। इसके बाद पीड़िता की मां ने आरोपी से मंदिर में शादी की थी।’