कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महामंत्री योगेंद्र खंडूड़ी का बड़ा बयान , कहा देवेंद्र यादव का इस्तीफा…

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महामंत्री योगेंद्र खंडूड़ी ने कहा कि प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव का इस्तीफा भी लिया जाना चाहिए। हाईकमान ने प्रदेश अध्यक्ष का इस्तीफा तो लिया है, लेकिन चुनाव परिणाम के लिए प्रभारी भी जिम्मेदार होता है। खंडूड़ी ने हार की समीक्षा के लिए प्रत्येक विस क्षेत्र में पर्यवेक्षक भेजने का सुझाव भी दिया है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे पत्र में खंडूड़ी ने दो महत्वपूर्ण बिंदुओं पर हाईकमान का ध्यान खींचा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। चुनाव नतीजों के आधार पर प्रदेश अध्यक्ष से त्याग पत्र मांगना उचित कदम था।

लेकिन मात्र अध्यक्ष का त्याग-पत्र ही पर्याप्त नहीं है। प्रदेश प्रभारी का भी त्याग पत्र लिया जाना चाहिए। किसी भी प्रदेश में पार्टी की राजनितिक गतिविधियों और उनके परिणामों के लिए प्रदेश प्रभारी भी जिम्मेदार होता है। खंडूड़ी ने विस चुनाव में हार के कारण जानने के लिए प्रत्येक विस वार पर्यवेक्षक भेजने का भी सुझाव दिया। जो कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों से भी चर्चा कर निष्पक्ष जांच रिपोर्ट सौंपे।