तपती गर्मी में भी शरीर को ठंडक पहुंचाती हैं ये चीजें, जरूर बनाएं आहार का हिस्सा

राजधानी दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्य इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, बढ़ता तापमान संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। उच्च तापमान, धूप की चपेट में आने के कारण हीट स्ट्रोक से लेकर ब्लड प्रेशर बढ़ने, हृदय गति में असमानता, डायबिटीज की समस्या सहित कई प्रकार की दिक्कतें हो सकती हैं। इन स्वास्थ्य समस्याओं से बचे रहने के लिए जरूरी है कि आप शरीर के तापमान को नियंत्रित करते रहने के निरंतर प्रयास करते रहें। आहार में कुछ चीजों को शामिल करना इसमें आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। आहार विशेषज्ञ कहते हैं, कुछ खाद्य पदार्थ प्राकृतिक रूप से ठंडे होते हैं। उनमें पानी की मात्रा अधिक होती है। अपने हाइड्रेटिंग गुणों के कारण इनका सेवन शरीर को ठंडक पहुंचाने और गर्मी के कारण होने वाली समस्याओं से बचाने में मददगार हो सकता है।

 

हीट स्ट्रोक में बढ़ जाता है शरीर का तापमान

हीट स्ट्रोक गर्मियों में होने वाली सामान्य समस्या है। इसमें शरीर का तापमान 104 डिग्री से अधिक बना रहता है। शरीर को प्राकृतिक रूप से ठंडा करने वाले पसीने के तंत्र फेल हो जाते हैं जिसके कारण तेज गर्मी के बावजूद भी पसीना नहीं आता है। हीट स्ट्रोक के कारण चक्कर आने, पाचन में गड़बड़ी से लेकर रक्तचाप से संबंधित विकारों का खतरा भी बढ़ जाता है।

हीट स्ट्रोक से बचे रहने के लिए भी शरीर को शीतलता प्रदान करने वाली चीजों को आहार का हिस्सा बनाना जरूरी माना जाता है। आइए जानते हैं कि इसके लिए किन चीजों का सेवन लाभप्रद हो सकता है?

जरूर खाएं खीरा-तरबूज

खीरे में पानी की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने और तापमान को नियंत्रित करने में मदद करता है। इसी तरह से पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर तरबूज के सेवन से आप न सिर्फ शरीर को ठंडा रख सकते हैं साथ ही ये डिहाइड्रेशन से सुरक्षा देने में भी लाभकारी है। खीरा और तरबूज में कई प्रकार के एंटीऑक्सीडेंट्स की भी मात्रा होती है जो शरीर में इंफ्लामेशन को कम करने और गंभीर बीमारियों से बचाने में फायदेमंद है।

शरीर को ठंडा रखने में फायदेमंद है पुदीना

पुदीने में मेन्थॉल होता है जो शरीर का ठंडक का एहसास कराने में मददगार है। पानी, चाय, सलाद या स्मूदी में ताजी पुदीने की पत्तियां मिलाकर इसका सेवन करने से न सिर्फ आप गर्मी के कारण होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचे रह सकते हैं साथ ही ये पाचन स्वास्थ्य को ठीक रखने में भी सहायक है। कब्ज-अपच जैसी दिक्कतों में भी पुदीने की पत्तियों के सेवन से लाभ पाया जा सकता है।

इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति के लिए पिएं नारियल पानी

नारियल पानी इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर होता है। ये शरीर में पानी की कमी को दूर करने के साथ तरल पदार्थों के संतुलन को बनाए रखने में भी मददगार पेय है। नारियल पानी में सोडियम, पोटेशियम, मैग्नीशियम सहित शरीर के लिए आवश्यक कई प्रकार के लाभकारी पोषक तत्वों की श्रृंखला होती है। रोजाना नारियल पानी पीने से गर्मी के कारण होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिमों से आसानी से बचाव किया जा सकता है।