लखनऊ के आशियाना में एक महिला से छेड़छाड़, आरोपी ने अपने साथियों के साथ किया ऐसा…

लखनऊ के आशियाना में एक महिला से उनकी दुकान के अंदर घुसकर छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर उसने महिला की पिटाई कर दी। पीड़िता ने थाने में शिकायत की तो इससे नाराज आरोपी ने अपने साथियों के साथ छह दिन बाद उसके घर धावा बोला और उसके बच्चे को अगवा करने का प्रयास किया।

पीड़िता के शोर मचाने पर पड़ोसी मदद के लिये दौड़ पड़े। पकड़े जाने के डर से आरोपी वहां से भाग निकले। आशियाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

एलडीए कॉलोनी सेक्टर जी में रहने वाली महिला कास्मेटिक की दुकान चलाती है। पीड़िता के मुताबिक उनके मोहल्ले के पास रहने वाला अमन अक्सर उनसे छेड़छाड़ करता था। कई बार उसने अभद्र टिप्पणी भी की। दुकान से घर लौटने पर उसे रोज देर हो जाती थी। वह अकेली आती थी, इसलिये ही वह अमन की हरकतों को अनदेखा करती रही। इससे उसका दुस्साहस बढ़ गया और वह 24 जनवरी की शाम को उनकी दुकान पर आ गया और छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर उसने पिटाई भी कर दी।

पिटाई के बाद वह हिम्मत दिखाते हुये आशियाना कोतवाली गई और शिकायत की। पर, पुलिस ने आरोपित के खिलाफ कोई कार्रवाई ही नहीं की। इससे वह बेखौफ हो गया। यही नहीं पुलिस से शिकायत करने से नाराज होकर उसने फोन पर धमकाया, फिर 30 जनवरी को वह अपने साथियों के साथ घर पहुंच गया।

पीड़िता के मुताबिक यहां भी वह उसे धमकाने लगा। इस पर उन्होंने पुलिस से फिर शिकायत करने की बात कही तो आरोपित और साथियों ने उसके बच्चे को अगवा करने का प्रयास किया। इस पर वह चीखते हुये बाहर भागी। उसका शोर सुनकर आस पास के लोग जुटने लगे। पकड़े जाने के डर से आरोपित वहां से भाग निकले। आशियाना पुलिस का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अमन की तलाश की जा रही है।