चीन में तूफान ‘इन-फा’ के दस्तक के बाद रद्द हुई उड़ानें, 155 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा

तूफान से इससे पहले ताइवान में बारिश हुई और पेड़ तक उखड़ गए लेकिन किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। इस दौरान 155 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।

सरकारी टीवी ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि शंघाई के पुडोंग और होंगक्याओ हवाईअड्डों पर सैकड़ों उड़ानों को रद्द कर दिया गया तथा सोमवार को और उड़ानों को रद्द करने की संभावना है।

शंघाई ने पार्कों और एक मशहूर पर्यटक स्थल को बंद कर दिया है। शंघाई के दक्षिणपश्चिम हांगझोउ में अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे ने भी उड़ानों को रद्द कर दिया है।

शंघाई के बंदरगाह शहर निंग्बो में ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दी गयी हैं। इससे पहले झेजियांग प्रांत में स्कूल, बाजार और कारोबारों को बंद करने का आदेश दिया गया।

राष्ट्रीय मौसम ब्यूरो ने बताया कि इन-फा के शंघाई के दक्षिण झेजियांग प्रांत में रविवार दोपहर को दस्तक देने की संभावना है और इससे 250-350 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। ब्यूरो ने कहा, ”लोगों को बाहर नहीं जाना चाहिए।”

पूर्वी चीन में तूफान ‘इन-फा’ के दस्तक देने के मद्देनजर शंघाई के दो अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों ने सभी उड़ानों को रद्द कर दिया है और प्राधिकारियों ने रविवार को सभी बाहरी गतिविधियों पर रोक लगा दी है।