चंपावत विधायक कैलाश गहतोड़ी को ईनाम मिलना तय , भाजपा का जानिए पूरा प्लान

चंपावत विधायक कैलाश गहतोड़ी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए विधानसभा सीट छोड़ने पर ईनाम मिलना तय है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने इसके संकेत दे दिए हैं। कौशिक ने कहा कि गहतोड़ी की नई भूमिका क्या रहेगी, इस पर संगठन विचार कर रहा है।

दरअसल विधायक गहतोड़ी, धामी के विधानसभा चुनाव हारने के बाद से ही लगातार उनके लिए सीट छोड़ने की बात कह रहे थे। यह सीट मुख्यमंत्री की पुरानी सीट खटीमा से लगती हुई है। ऐसे में मुख्यमंत्री और भाजपा संगठन को गहतोड़ी का सुझाव अच्छा लगा। इस पर सहमति बनी तो अब सीट खाली कराई गई है।

मुख्यमंत्री के लिए सीट छोड़ने के बाद अब भाजपा विधायक गहतोड़ी का भी सम्मान करेगी। इसके लिए उन्हें सरकार में कोई अहम दायित्व दिया जा सकता है। इसके अलावा भाजपा के पास गहतोड़ी को राज्यसभा भेजने का भी विकल्प खुला है। राज्यसभा की एक सीट जल्द ही खाली होने जा रही है। ऐसे में गहतोड़ी की राय के बाद इस पर निर्णय हो सकता है।

हालांकि पार्टी के सूत्रों का कहना है कि विधायक गहतोड़ी राज्यसभा जाने की बजाए राज्य में ही किसी अहम जिम्मेदारी को प्राथमिकता दे सकते हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि विधायक गहतोड़ी ने चंपावत के हित में स्वागतयोग्य निर्णय लिया है। अब आगे उनकी पार्टी में क्या भूमिका होगी उसको लेकर संगठन विचार कर रहा है।