अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने किया सीएम पुष्कर सिंह धामी का स्वागत, संतों का लिया आशीर्वाद

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि देवस्थानम बोर्ड का जो कानून बनाया गया था उसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रद्द किया है। उसके लिए संत समाज, तीर्थ पुरोहितों ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद दिया है।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने देवस्थानम बोर्ड भंग करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अभिनंदन व स्वागत किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि धर्म की रक्षा के लिए संत लगातार काम कर रहे हैं। समाज को आगे बढ़ाने के लिए साधु संत अपना योगदान दे रहे हैं। संतों का आशीर्वाद लेकर मैं धन्य हो गया हूं।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुनील बत्रा, प्रो. संजय महेश्वरी व अध्यक्षता अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी ने की। स्वागत समारोह में पहुंचे मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संतों का आशीर्वाद मेरे लिए एक प्रेरणा है।

उनके आशीर्वाद से ऊर्जा भी मिलती है। निश्चित तौर पर हम अपने कर्म क्षेत्र में और तेजी से आगे बढ़ेंगे। सभी की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए हमने देवस्थानम बोर्ड भंग करने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के जितने भी मठ मंदिर हैं उन सभी का संवर्धन हो, संरक्षण हो, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास करेगी। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश में उत्तराखंड को आगे बढ़ाने का जो संकल्प है, उसके लिए हम लगातार काम करेंगे। हमारा राज्य श्रेष्ठ राज्यों की श्रंखला में आएगा।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि देवस्थानम बोर्ड का जो कानून बनाया गया था उसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रद्द किया है। उसके लिए संत समाज, तीर्थ पुरोहितों ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद दिया है।

इस दौरान शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम , निरंजन पीठाधीश्वर कैलाशानंद गिरि, आनंद पीठाधीश्वर स्वामी बालकानंद गिरि, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी, महामंत्री महंत हरि गिरि, महंत भगतराम श्री महंत प्रेम गिरी, श्री महंत सत्य गिरि, श्री महंत नारायण गिरि, महंत कश्मीरा सिंह, श्री महंत देवानंद सरस्वती, महामंडलेश्वर ललितानंद गिरि, महंत सुखदेव पुरी, महंत रविपुरी, गंगा सभा अध्यक्ष प्रदीप झा, महामंत्री तन्मय वशिष्ठ, मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी दिगंबर राजगिरि, अनिल शर्मा, कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, पूर्व सांसद बलराम पासी, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, रामानंद इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर वैभव शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉक्टर जयपाल सिंह चौहान, डॉ. विशाल गर्ग, एसएसपी डॉक्टर योगेंद्र सिंह रावत, एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय, एसडीएम सदर पूरण सिंह राणा, सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।