आईपीएल 2021 में बिना मैच खेले बाहर हुए अर्जुन तेंदुलकर, वजह जानकर चौक उठे लोग

महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर चोट के चलते आईपीएल 2021 से बाहर हो गए हैं। अर्जुन की जगह मुंबई इंडियंस ने तेज गेंदबाज सिमरजीत सिंह को स्क्वॉड में शामिल किया है। सिमरजीत घरेलू क्रिकेट में दिल्ली के लिए खेलते हैं। मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर इस बात की जानकारी दी है।

‘मुंबई इंडियंस ने अपने आईपीएल 2021 सीजन के शेष भाग के लिए चोटिल अर्जुन तेंदुलकर के स्थान पर सिमरजीत सिंह को शामिल किया है। दाएं हाथ के मध्यम गति के इस तेज गेंदबाज ने आईपीएल दिशा-निर्देशों के अनुसार अनिवार्य क्वारंटीन पूरा करने के बाद टीम के साथ प्रशिक्षण भी शुरू कर दिया है।’

गौरतलब है कि अर्जुन तेंदुलकर को मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2021 की नीलामी में 20 लाख रुपए में खरीदा था। 21 साल के इस खिलाड़ी पर सभी की निगाहें बनी हुई थीं। लेकिन वह इस सीजन आईपीएल में एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए।

मुंबई इंडियंस की टीम ने मंगलवार के दिन पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में धाकड़ खेल का प्रदर्शन किया। मुंबई ने पंजाब की टीम को 6 विकेट से हराते हुए प्लेऑफ़ में जाने की उम्मीदों को बनाए रखा है।

अंक तालिका में 10 अंकों के साथ मुंबई की टीम अभी पांचवें स्थान पर है। अगले तीनों मैच जीतने की स्थिति में टीम प्लेऑफ़ के लिए क्वालीफाई कर सकती है। टीम के मध्यक्रम का खेल अब तक ठीक नहीं रहा था लेकिन पंजाब के खिलाफ मुकाबले में कुछ खिलाड़ियों के बल्ले से रन आए हैं।