टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के नए लुक का फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। धोनी इस फोटो में सफेद दाढ़ी में नजर आ रहे हैं। माही के फैंस इस लुक को देख हैरान हुए और ट्विटर पर कमेंट्स की बाढ़ लगा दी।
कई फैंस ने यहां तक कह दिया कि शेर अब बूढ़ा हो रहा है। इसी बीच धोनी की मां की प्रतिक्रिया सामने आई है। धोनी की मां ने कहा कि उन्हें अपने बेटे का नया लुक पसंद है और अभी उनका बेटा इतना बूढ़ा भी नहीं हुआ है।
महेंद्र सिंह धोनी की मां से पूछा गया कि क्या पूर्व भारतीय कप्तान आगामी टी20 विश्व कप में खेलेंगे? इस पर मां ने जवाब दिया कि पहले कोरोना वायरस खत्म हो जाने दो। 2019 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला धोनी का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच रहा। इसके बाद से उन्होंने कोई सीरीज नहीं खेली।