शिवपाल सिंह की बीजेपी के साथ नजदीकियां से नाखुश वीरपाल, साइकिल पर हो सकते हैं सवार

शिवपाल सिंह की बीजेपी के साथ नजदीकियां से नाखुश वीरपाल सिंह यादव बड़ा राजनीतिक फैसला करने की तैयारी में हैं। वीरपाल सिंह यादव की समाजवादी पार्टी में वापसी कर सकते हैं। शनिवार को वीरपाल सिंह और सपा मुखिया अखिलेश यादव की बंद कमरे में करीब डेढ घंटे मंत्रणा हुई है। वीरपाल सिंह यादव को सपा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है।

वीरपाल सिंह यादव प्रसपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव की बीजेपी के साथ नजदीकियां बढ़ती जा रहीं हैं। ऐसे हालात में वीरपाल और अखिलेश यादव की मुलाकात को बहुत अहम माना जा रहा है। अखिलेश यादव ने फोन करके शनिवार को सुबह 11 बजे वीरपाल सिंह को लखनऊ बुलाया था। अखिलेश यादव और वीरपाल सिंह की मंत्रणा 11 बजे से लेकर 12.30 बजे तक चली। विधानसभा चुनाव के परिणाम को लेकर भी वीरपाल से अखिलेश यादव ने जानकारी की।

प्रसपा प्रमुख महासचिव वीरपाल सिंह ने बताया कि मेरी अखिलेश यादव के साथ मुलाकात हुई है। अखिलेश यादव से चुनाव के बाद से लगातार मेरी फोन पर बात हो रही है। गंभीर राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई है। मैं उनके बारे में अभी जानकारी नहीं दे सकता। कुछ महत्वपूर्ण फैसले हो सकते हैं।