यूपी के खेलकूद मंत्री दौड़ते हुए नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे, देख लोग हुए हैरान

उत्तर प्रदेश के खेलकूद राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और विधान सभा चुनाव (Assembly Elections) में फेफना क्षेत्र से भाजपा (BJP) के उम्मीदवार उपेंद्र तिवारी शुक्रवार को दौड़ते हुए नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे।नामांकन का तय समय बीतने ही वाला था कि ठीक दो बजकर 55 मिनट पर मंत्री उपेन्द्र तिवारी पहुंचे।

चूंकि नामांकन स्थल तक पहुंचने के लिए पांच मिनट ही शेष था, लिहाजा वे दौड़ते हुए गेट से अंदर घुसे और नायब तहसीलदार कक्ष तक गए। वहीं पूर्व मंत्री छट्ठू राम ने बिल्थरारोड (सुरक्षित) सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल किया।

नामांकन के मद्देनजर जिलाधिकारी कार्यालय पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रवेश द्वार पर सीओ के नेतृत्व में जवान तैनात थे। महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गयी थी। इंतजामों का जायजा लेने डीआईजी अखिलेश कुमार भी पहुंचे। डीएम इन्द्र विक्रम सिंह व एसपी राज करन नय्यर के साथ इंतजामों को देखा और पूरे दिन डीएम कार्यालय में बैठे।

नामांकन के लिए निर्धारित समय दिन में 11 बजे से शाम तीन बजे तक था। हालांकि पहला दिन होने के चलते दो बजे तक डीएम कार्यालय पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की चहलकदमी के अलावा सन्नाटा ही था। दोपहर बाद ढाई बजे बिल्थरारोड से भाजपा प्रत्याशी छट्ठू राम पहुंचे। उनके साथ मौजूद सलेमपुर सांसद रवीन्दर कुशवाहा व जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू को डीएम कार्यालय के अंदर लगे बैरियर के पास रोक दिया गया। वहां से प्रत्याशी समेत तीन लोग नामांकन करने गए। पर्चा दाखिल कर करीब डेढ़ घंटे बाद छट्ठू राम बाहर आए।