आज दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला, जानें कौन किस पर पड़ा भारी

आईपीएल 2022 में अब तक का सबसे महत्वपूर्ण मुकाबला आज दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians vs Delhi Capitals, 69th Match) के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच यह हाईवोल्टेज मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होना है। प्लेऑफ में पहुंचने वाली सीजन की चौथी टीम बनने के लिए दिल्ली को आज हर हाल में मुंबई के खिलाफ अपनी दिलेरी दिखानी होगी। इस मैच को जीतते ही दिल्ली IPL 2022 प्लेऑफ का टिकट कटा लेगी जबकि विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम को बाहर होना पड़ेगा। ऐसे में इस अहम मुकाबले से पहले आपको बताते हैं कि आईपीएल के इतिहास में कौन सी टीम किस पर भारी पड़ी है।

 

दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल में अब तक कुल 31 मैच खेले गए हैं, जिसमें दिल्ली ने 15 जबकि मुंबई ने इससे एक ज्यादा जीते हैं। भारत में दोनों टीमों ने अब तक एक दूसरे के खिलाफ 23 मैच खेले हैं, जिसमें से दिल्ली ने 11 और मुंबई ने 12 जीते हैं। वहीं, UAE में दिल्ली और मुंबई के बीच अब तक 8 मैच हुए हैं और दोनों टीमों ने 4-4 मैचों में जीत दर्ज की है। मुंबई के खिलाफ दिल्ली का औसत स्कोर 146 का है जबकि दिल्ली के खिलाफ मुंबई का औसत स्कोर 162 का है। मुंबई के खिलाफ दिल्ली के लिए ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 333 जबकि रोहित शर्मा ने दिल्ली के खिलाफ सबसे ज्यादा 910 रन बनाए हैं।