उत्तर प्रदेश में तीन द‍िन बदला रहेगा मौसम, जानिए हैरान कर देने वाली पूरी खबर

मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए शुक्रवार को गरज चमक के साथ हल्की बारिश की आशंका व्यक्त की है। वहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

जिन इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें सहारनपुर,शामली,मुजफ्फरनगर,,बागपत,मेरठ, गाजियाबाद,हापुड़,गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़,मथुरा, हाथरस, एटा,आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बरेली, पीलीभीत, सहारनपुर बदायूं कासगंज लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, हरदोई, सीतापुर व इनके आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।

राजधानी में सुबह से बादलों की आवाजाही थी इसके चलते अधिकतम तापमान बुधवार के मुकाबले एक डिग्री नीचे आ गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

हालांकि न्यूनतम तापमान में चार डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री अथिक 26.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को भी तापमान 40 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

केवल राजधानी में ही नहीं प्रदेश भर में तापमान में कमी रिकॉर्ड की गई है। गुरुवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा जहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं बस्ती में तापमान 41.1 डिग्री रहा।

बीते कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से थोड़ी सी राहत मिलने की उम्मीद है। शुक्रवार से प्रदेश में मौसम का मिजाज कुछ बदला बदला सा रहेगा। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है।

वहीं कुछ जगह बदली रहेगी, जिससे तपिश से कुछ राहत मिलेगी। मौसम में उठा पटक रविवार तक जारी रहने की संभावना है। मौसम केंद्र लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता बताते हैं कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में यह बदलाव आएगा।

उन्होंने कहा इसका प्रभाव प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अगले तीन दिनों तक दिखाई देगा। बदली रहने से तापमान में कुछ कमी आएगी। तेज उत्तरी पश्चिमी हवाएं अंधड़ ला सकती हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ेगी।