जोड़ों का दर्द दूर करने के लिए करे ये आसान सा उपाय

गठिया और जोड़ों की परेशानियों से जूझ रहे लोगों के लिए ठंड का समय मुश्किल भरा होता है। पुरानी चोट और जोड़ के दर्द भी इस समय सिर उठाने लगते हैं। इससे पहले कि जोड़ ज्यादा दुखने लगें, जीवनचर्या में कौन से सुधार करने जरूरी हैं, बता रहे हैं विवेक शुक्ला-

आमतौर पर जोड़ों में दर्द का प्रमुख कारण आर्थ्राइटिस (गठिया) होता है। ठंड के कारण जोड़ों की धमनियां (आर्टिरीज) सिकुड़ जाती हैं। धमनियों के सिकुड़ने से जोड़ों में रक्त का तापमान कम हो जाता है और रक्त संचार की प्रक्रिया समुचित रूप से संचालित नहीं होती।

इसके परिणामस्वरूप जोड़ों में अकड़न होने लगती है और दर्द होने लगता है। ठंडे तापमान में मांसपेशियों में ऐंठन भी बढ़ जाती है। जोड़ों तक रक्त संचार समुचित न होने के कारण दर्द की समस्याएं और बढ़ जाती हैं।

जिन्हें पहले से गठिया है, ठंड में उनकी समस्याएं कहीं ज्यादा बढ़ जाती हैं। वैसे गठिया के कई प्रकार हैं, लेकिन जो लोग ऑस्टियो आर्थ्राइटिस, रूमेटॉएड आर्थ्राइटिस, गाउटी आर्थ्राइटिस, ट्रॅामेटिक आर्थ्राइटिस और स्पाइनल आर्थ्राइटिस से पीड़ित हैं, उन्हें ठंड की शुरुआत से ही दर्द और सूजन परेशान करने लगते हैं। जुवेनाइल आर्थ्राइटिस से पीड़ित बच्चों में भी दर्द बढ़ जाता है।

इसके अलावा, पहले कभी दुर्घटना में हड्डियां और लिगामेंट आदि क्षतिग्रस्त हुए हैं, तो उस स्थिति में भी इस मौसम में प्रभावित हिस्से में दर्द बढ़ जाता है। पहले जोड़ों की समस्याएं पचास के बाद ही देखने को मिलती थीं, पर अब दर्द व सूजन की समस्याएं कम उम्र के लोगों को भी अपना निशाना बना रही हैं। अस्वस्थ जीवनशैली और खानपान की गड़बड़ियां इसके मुख्य कारण हैं।