देहरादून में अगले छह महीने तक हो सकता है सीएनजी का संकट , जानिए क्या है वजह

दून में अगले छह महीने तक सीएनजी का संकट बरकरार रह सकता है। ऑनलाइन सीएनजी स्टेशनों के बनने तक समस्या बनी रहेगी। गेल के अफसरों का दावा है कि दून में छह माह में तीन ऑनलाइन स्टेशन बन जाएंगे। इसके बाद दिक्कत दूर होगी।

दून में अभी तक हरिद्वार से सीएनजी आ रही है। अधिक भीड़ से दून के सीएनजी पंप मांग पूरी नहीं कर पा रहे हैं। छह से सात हजार किलो प्रतिदिन गैस बिक रही है, जबकि डिमांड 12 हजार किलो है। गैस पाइपलाइन नहीं होने के कारण गैस आने में दिक्कतें हो रही है। वाहनों के माध्यम से गैस को लाया जा रहा है। इससे कुछ घंटों के लिए बिक्री ठप हो जा रही है।

24 घंटे कोई भी सीएनजी पंप सप्लाई नहीं दे रहा है। लिहाजा, दून में तीन ऑनलाइन सीएनजी पंप बनाए जा रहे हैं। ट्रांसपोर्टनगर, सुभाषनगर, आईएसबीटी के पास इन्हें बनाया जाएगा। अभी शहर में चार और देहात में दो सीएनजी पंप हैं। सीएनजी पंप संचालक कुणाल सेठी ने बताया कि सप्लाई कम आने से दिक्कतें आ रही हैं।

दून में हरिद्वार से गैस अंडरग्राउंड आनी है। इसमें नदी की क्रॉसिंग में दिक्कतें आ रही हैं। चार से छह माह का समय लग सकता है। दून के बाद अंडरग्राउंड गैस पाइप लाइन सेलाकुई और विकासनगर, सहसपुर ले जाने की प्लानिंग भी है।

इसमें आठ से दस महीनों का समय लग सकता है। पहले दून और उसके बाद देहात के क्षेत्रों में सीएनजी की सप्लाई दी जाएगी। इधर, जीएम-गेल विनोद अरोड़ा के अनुसार, अभी हरिद्वार से टैंकर से सीएनजी लानी पड़ रही है। छह माह में दून में गैस की लाइन आ जाएगी। ऑनलाइन स्टेशन बनने के बाद दून में सीएनजी की दिक्कत दूर हो जाएगी।