सऊदी अरब की राजकुमारी ने क्राउन प्रिंस से लगाई रिहाई की गुहार, कहा:’मुझे बचाओ, मेरी मौत…’

समाजसेवी और महिलाओं के हक में आवाज उठाने वाली सऊदी अरब की राजकुमारी बस्मा बिंते सऊद जेल में कैद हैं। उन्होंने जेल से ही अब खुद रिहाई की गुहार लगाई है।

अपनी रिहाई के लिए राजकुमारी बस्मा ने किंग सलमान बिन अब्दुल अजीज और क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान से गुजारिश की है। बस्मा किंग सलमान की भतीजी हैं और क्राउन प्रिंस उनके चचेरे भाई है। बस्मा सऊदी देश के संस्थापक की पोती हैं। 56 साल की राजकुमारी बस्मा शाह सऊद की सबसे छोटी बेटी हैं जो 1953 से 1964 तक सऊदी अरब के शासक हुआ करते थे।

पेशे से मानवाधिकार वकील और हाउस ऑफ सऊद की सदस्य बस्मा महिलाओं के अधिकारों और उनके हकों के लिए लड़ती रही है, आवाज उठाती रही है। सऊदी में जहां महिलाएं अपने लिए बात करने से डरती हैं वहीँ बस्मा महिलाओं के लिए आवाज उठाती रही है। उन्होंने हमेशा सऊदी अरब में परिवर्तन लाने की बात की है।