कानपुर का न्यूनतम पारा 14 डिग्री के नीचे, सर्दी ने दी दस्तक

इस बार सर्दी ने जल्दी दस्तक दे दी है। अक्तूबर में हुई बारिश के चलते जाड़ा इस बार लंबे समय तक रहने की संभावना है। अक्टूबर के अंतिम दिन की रात सीजन की सबसे ठंडी रही।

पारा 13.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जिसने पंखे पूरी तरह बंद करा दिए। दिन के तापमान में भी कमी दर्ज की गई। मौसम के लिहाज से अक्तूबर काफी उथल-पुथल भरा रहा। एक ही दिवस में 127 मिमी बारिश ने पूरे महीने गर्मी से राहत दिला दी। उमस भरे दिन भी इस महीने सीमित हो गए। आमतौर पर 10 नवंबर से ऐसी सर्दी की शुरुआत होती है लेकिन अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में ही ऐसी सर्दी ने दस्तक दे दी। हवा की गति कम रही इसलिए ठिठुरन जैसी स्थिति नहीं बन सकी।

रविवार को अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम पारा 13.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सीजन का सबसे कम तापमान रहा। तीन रातों का तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इस तरह दिन के मुकाबले रात में सर्दी का अहसास अधिक रहा। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन पांडेय का कहना है कि इस बार तेज सर्दी के कई स्पेल आएंगे।