देश की बेटियों की सुरक्षा व्यवस्था पर अखिलेश ने खड़े किये ये अहम सवाल

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राज में महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं है। वे घर से बाहर निकलें, पढ़ने जाएं, किसी समारोह में जाएं या अपनी नौकरी पर जाएं उनके लिए असुरक्षा का भय आतंक बनकर साथ चलता है।

श्री यादव ने कहा कि हर दिन बलात्कार और यौन हिंसा के मामले दर्ज होते हैं। नाबालिग बच्चियां भी इस क्रूरता की शिकार होती हैं। उत्तर प्रदेश में तो हालत दिन पर दिन खराब होते जा रहे हैं। हर दिन दुष्कर्म के काण्ड होते हैं। बेटी बचाओं, बेटी पढ़ाओं के कथित प्रचारक सत्ता में रहते हुए भी अमानवीय घटनाओं पर रोक लगाने में विफल हैं। अभियोजन पक्ष तो और भी कमजोर है जिसका अपराधी फायदा उठाते हैं।

अखिलेश यादव ने इन हालात के लिए सत्ता पक्ष की नीतियों को भी दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में महिलाओं से छेड़छांड़ की घटनाएं रोकने के लिए 1090 योजना शुरू की गई थीं। इस व्यवस्था को भाजपा सरकार ने शिथिल कर दिया है। अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल 100 की व्यवस्था की गयी थी उसको भी भाजपा सरकार ने 112 संख्या में बदलकर निष्प्रभावी बना दिया है।

घटनाओं को गिनाया सपा नेता ने

मैनपुरी नवोदय विद्यालय में छात्रा की संदिग्ध मौत दो महीने पहले हुई लेकिन जांच कार्यवाही में लेट लतीफी हुई,

सीतापुर में मछेरहटा के एक गांव में किशोरी से बंधक बनाकर दुराचार किया गया,

आजमगढ़ में भी एक किशोरी से दुष्कर्म,

सम्भल में कई दिन जीवन से संघर्ष के बाद रेप पीडि़ता की मौत,

हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र में 7 वर्ष की कक्षा 3 की छात्रा गांव में बारात देखने निकली थी, जो दुष्कर्म की शिकार हुई,

अम्बेडकरनगर में मालीपुर थाना क्षेत्र में ननिहाल से लौट रही एक नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई है।