इस दिन रिलीज होगी सिद्धार्थ मल्होत्रा की ‘इंडियन पुलिस फोर्स’, रोहित शेट्टी ने दी जानकारी

सात भाग की हाई-ऑक्टेन एक्शन सीरीज ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ रोहित शेट्टी के डिजिटल निर्देशन की पहली फिल्म है। सीरीज में सिद्धार्थ मल्होत्रा को एक पुलिस के पहले कभी न देखे गए अवतार में दिखाया जाएगा। साथ ही शिल्पा शेट्टी कुंद्रा, विवेक ओबेरॉय, श्वेता तिवारी, निकितिन धीर, ऋतुराज सिंह और ललित परिमू महत्वपूर्ण भूमिकाओं में होंगे। वहीं अब सीरीज के रिलीज डेट से भी पर्दा उठ चुका है।

पुलिस के लिए श्रद्धांजलि
रोहित शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ की रिलीज डेट की घोषणा की है। आज पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर रोहित शेट्टी ने घोषणा की कि ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ का वर्ल्ड प्रीमियर 19 जनवरी 2024 को होगा। यह सात भाग की एक्शन से भरपूर सीरीज है, जो सिद्धार्थ मल्होत्रा के ओटीटी डेब्यू का भी प्रतीक है। रोहित शेट्टी और सुशांत प्रकाश के जरिए निर्देशि ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ भारतीय पुलिस अधिकारियों के लिए एक श्रद्धांजलि है। यह सीरीज गर्व से देश भर के भारतीय पुलिस अधिकारियों की निस्वार्थ सेवा, बिना शर्त प्रतिबद्धता और प्रचंड देशभक्ति का सम्मान करती है, जिन्होंने लोगों सुरक्षित रखने के लिए अपने कर्तव्य के आह्वान पर सब कुछ दांव पर लगा दिया।

सीरीज पर क्या बोले रोहित शेट्टी
निर्देशक और निर्माता रोहित शेट्टी ने कहा, “एक निर्माता के रूप में ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ मेरी यात्रा का अभिन्न अंग है, जिसे मैंने और रोहित शेट्टी पिक्चरज में मेरी टीम ने वर्षों की कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता के साथ बनाया है। मुझे अपने कलाकारों और क्रू पर बहुत गर्व है, जिन्होंने इस एक्शन सीरीज को प्रस्तुत करने के लिए समर्पित रूप से मिलकर काम किया, जो हमारे भारतीय पुलिस अधिकारियों की वीरता, बलिदान और साहस का सम्मान करता है। मुझे अपने पहले डिजिटल उद्यम के लिए प्राइम वीडियो के साथ सहयोग करके खुशी हो रही है, जो दुनिया भर के दर्शकों को एक शानदार मनोरंजन देने का वादा करता है।