रूसी सेना खतरनाक हथियारों से कर रही यूक्रेन पर हमले , खेरसॉन शहर पर कर लिया कब्जा

यूक्रेन और रूस के सैनिको के बीच जंग का आज सातवां दिन है। दोनों देशों की सेनाएं पूरे जोर के साथ लड़ रही हैं। रूसी सैनिकों की बमबारी और खतरनाक हथियारों के आगे यूक्रेन ने अभी तक घुटने नहीं टेके हैं। यूक्रेन के दिलेर सैनिक सिर पर कफन रखकर रूसी सैनिकों से जंग कर रहे हैं। इस बीच रूसी सैनिकों ने दावा किया है कि उन्होंने खेरसॉन शहर पर कब्जा कर लिया है। हालांकि अभी इस मामले में यूक्रेन का कोई जवाब नहीं आया है।

यूक्रेन के कोनोटोप शहर के मेयर ने दावा किया कि रूसी सैनिकों ने उन्हें अल्टीमेटम दिया है कि वह शहर को उन्हें सौंप दें नहीं तो वे इसे पूरी तरह से नष्ट कर देंगे। उधर, पूरे यूक्रेन पर रूसी सैनिक तीन कोनों से हमला कर रही है। जवाब में यूक्रेनी सैनिक भी मोर्चे पर डटे हैं। रूसी सैनिकों की यूक्रेन की राजधानी कीव में दो मिसाइल गिराने की सूचना भी है। जंग के सातवें दिन रूस ने यूक्रेन के प्रमुख शहरों पर फिर बमबारी की है।

हालांकि यूक्रेन ने अभी तक रूस के आगे सरेंडर नहीं किया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने बुधवार को दावा किया कि छह दिनों के युद्ध में लगभग 6,000 रूसी मारे गए हैं। उनके सैनिक दिलेरी से रूसी सैनिकों और खतरनाक हथियारों का डटकर सामना कर रहे हैं।