लखनऊ में अगले छह दिन बारिश-बौछारें, गिर सकते हैं ओले

बारिश ने रविवार को लखनऊ का मौसम बदल दिया है। कड़ाके की सर्दी से लोगों को राहत मिली। अगले छह दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। वहीं पश्चिम यूपी में ओले गिरने की संभावना है। बीते 24 घंटे में कानपुर सबसे सर्द रहा।

बादलों की आवाजाही और बरसात ने लखनऊ का मौसम बदल दिया है। ठण्ड से तो राहत रही लेकिन बदली और छुटपुट बरसात से लोग परेशान हुआ। छह दिनों तक ऐसा ही मौसम ऐसे ही परेशान कर सकता है। बादली छायी रहेगी। दो दिन तेज बरसात की संभावना है। लखनऊ समेत राज्य के कई हिस्सों का मौसम बदल गया है। सुबह से ही बादलों की आवाजाही लगी रही। बीच-बीच में कहीं तेज तो कहीं धीमी बरसात हुई। बरसात के बावजूद लखनऊ में ठण्ड से राहत रही। न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री औैर अधिकतम 24.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले सप्ताह भर ठण्ड से राहत रहेगी। दिन का पारा 25 डिग्री तक पहुंच सकता है। विक्षोभ का असल असर 24-25 जनवरी से दिखाई देगा। तब बदली छाए रहने के साथ दो-तीन चरणों में बारिश होगी। एक सप्ताह तक मौसम ऐसा ही रहेगा। पूर्वी हवाओं के जोर से ठण्ड से राहत रहेगी। सोमवार और मंगलवार को रात और दिन में तापमान बढ़ेगा। न्यूनतम पारा 13, दिन का 24-25 डिग्री के आसपास रहेगा। 25 जनवरी को बदली-बारिश से एक-दो डिग्री गिरावट हो सकती है।

शनिवार रात मामूली कोहरा था, जो सुबह आठ बजे तक रहा। धूप निकली पर बीच-बीच में बादलों की आवाजाही रही। दोपहर दो बजे के बाद बादलों ने धूप रोके रखी। कैंट, अमौसी, आशियानी, इंदिरानगर, अलीगंज, गोमतीनगर आदि इलाकों में छुटपुट बरसात हुई।

मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। सुबह-शाम अधिक ठंड रहती है। बूंदा-बांदी हो रही है। दोपहर में धूप से मौसम ठीक है। मौसम के बदलाव में लापरवाही भारी पड़ सकती है। केजीएमयू मेडिसिन विभाग के डॉ. केके सावलानी ने बताया कि स्वेटर-जैकेट जरूर पहनें। किसी भी दशा में पंखे के नीचे बैठने से बचें। सर्दी-जुकाम, बुखार, छाती का संक्रमण घेर सकता है।

फसलों के लिए यह बारिश वरदान बन कर आई है। गेहूं के लिए बारिश अच्छी है। उप निदेशक कृषि डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि पारा ऊपर जा रहा था। पानी गिरने से खेतों में नमी बढ़ जाएगी। यह गेहूं के लिए लाभप्रद है। सरसों को बारिश से मजबूती मिलेगी। ज्यादा दिन बदली पर माहू फैलेगा।