गाजियाबाद में डोर-टु-डोर प्रचार कर रही प्रियंका गांधी, शेयर किया ये वीडियो

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी भी जमकर मेहनत कर रही हैं। महिला सशक्तिकरण और रोजगार जैसे मुद्दों पर फोकस करते हुए कांग्रेस नेता पार्टी के समर्थन जुटाने की कोशिश कर रही हैं।

गुरुवार को जहां उन्होंने बुलंदशहर में बारिश के बावजूद प्रचार किया तो आज गाजियाबाद में डोर-टु-डोर प्रचार कर रही हैं। इस बीच उन्होंने ट्विटर पर एक युवक के साथ बातचीत का वीडियो भी शेयर किया है, जो सेना में भर्ती होना चाहता है। प्रियंका ने गन्ना लेकर जा रहे नौजवान के ट्रैक्टर पर बैठक बातचीत की।

प्रियंका गांधी ने वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, ”कल आपने उप्र के मुख्यमंत्री की झूठे आंकड़ों वाली प्रेस कांफ्रेंस देखी। अब देखिए जनता की प्रेस कांफ्रेंस। ये नौजवान किसान का बेटा है और आर्मी की भर्ती व अन्य भर्तियों को लेकर दुखी है। किसान और नौजवान की परेशानी बयां कर रहा है। यही है उत्तरप्रदेश की असली आवाज।”

वीडियो में युवक प्रियंका गांधी से कहता सुनाई देता है कि वह सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा है, लेकिन तीन साल से भर्ती नहीं आई है। प्रियंका ने कहा कि उन्होंने भी देखा कि सुबह 4 बजे लड़के दौड़ रहे थे, उनसे पूछा तो कहा कि वह सेना की भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। कांग्रेस नेता ने युवक को कांग्रेस पार्टी का भर्ती विधान देते हुए बताया कि किस तरह यूपी में कांग्रेस की सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार दिया जाएगा।