पाकिस्तान सेना के लिए सिरदर्द बनी बलूच नेशनल आर्मी , पढ़े पूरी खबर

पाकिस्तान में बलूचिस्तान की आजादी की मांग कर रहे गुट एक बार फिर से सक्रिय हो रहे हैं। इंटरनेशनल फोरम फॉर राइट्स एंड सिक्योरिटी की एक रिपोर्ट बताती है कि दो बलूच अलगाववादी संगठन यूनाइटेड बलूच आर्मी (UBA) और बलूचिस्तान रिपब्लिकन आर्मी (BRA) के कारण नई बलूच नेशनल आर्मी (BNA) बनी है। BNA को पाकिस्तान से असंतुष्ट बलूच लोगों का सहयोग मिल रहा है।

रिपोर्ट्स बताती हैं कि नए बने BNA बलूचिस्तान की दो सबसे बड़ी जनजाति मारी और बुगती के साथ आने का प्रतीक है। UBA का नेतृत्व बलूच विचारक खैर बख्श मारी के बेटे मेहरान मारी कर रहे हैं और BRA का नेतृत्व बलूच सरदार अकबर बुगती के बेटे ब्रह्मदाग बुगती कर रहे हैं। हालांकि मारी और बुगती समुदाय के लोग बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी सहित कई गुटों से भी जुड़े हुए हैं।

हाल के दिनों में बलूच विद्रोहियों ने कई हमले किए हैं। 20 जनवरी को लाहौर के अनारकली बाजार में हुए विस्फोट में कम से कम 2 लोगों की मौत हो गई थी और 26 लोग घायल हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी BNA ने ली है। इससे पहले 24 दिसंबर 2021 को बलूचिस्तान के केच जिले में सुरक्षा बलों की चेक पोस्ट पर आतंकियों द्वारा किए गए हमले में दो सैनिक मारे गए थे।

पाकिस्तान सरकार पर आरोप लगता रहा है कि इस्लामाबाद बलूचिस्तान के नागरिकों को दोयम समझती है। बलूच लोगों पर बड़े पैमाने पर देशद्रोह के आरोप लगाए जाते रहे हैं और उन्हें आतंकी बताकर मुठभेड़ में मारा जाता रहा है।