नैनीताल: पर्यटकों के लिए एक और नई झील तैयार, 50 रुपये रखा गया प्रवेश शुल्क

नैनीताल में पर्यटकों के लिए एक और नई झील तैयार हो चुकी है। किलबरी के निकट वन विभाग ने 150 मीटर लंबा, 20 मीटर चौड़ा यह जलाशय तैयार कर लिया है। जिसे दिसंबर माह से पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।

जलाशय की क्षमता करीब 50 से 60 लाख लीटर है। घने जंगलों के बीच बनी यह कृत्रिम झील नैनीताल में पर्यटकों का नया ठिकाना बनेगी। पार्क निर्माण का काम करीब-करीब पूरा हो चुका है। पर्यटकों के लिए 50 रुपये प्रवेश शुल्क रखना प्रस्तावित किया गया है। इससे विभाग के राजस्व में बढ़ोतरी होगी।

जलाशय का निर्माण होने से स्थानीय पर्यावरण पर भी इसका अच्छा असर पड़ेगा। साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार के मौके भी मिलेंगे। इस साल हुई अच्छी मानसूनी बारिश के कारण झील का जलस्तर भी काफी अच्छा है। विभाग की ओर से इसे अधिक सुंदर बनाने की कोशिश की गई है।

टांकी वन चौकी से शुरू होने वाला किलबरी, पंगूट, कुंजखड़क तक का क्षेत्र घने जंगल और जैव विविधता के लिए पहचाना जाता है। यहां वन्यजीव, वनस्पति और हिमालयी परिंदे बहुतायत पाए जाते हैं। छोटे से भू क्षेत्र में परिंदों की सैकड़ों प्रजातियां पाए जाने के कारण इनके संरक्षण और संवर्धन के लिए 111.91 वर्ग किमी क्षेत्र को 2015 में प्रदेश की चौथी संरक्षण आरक्षित घोषित किया गया है। यह इलाका बर्ड वॉचिंग के लिए भी काफी मुफीद माना जाता है।