उत्तराखंड में 12 जून तक पहुंच सकता है मानसून, लोगों को मिलेगी गर्मी से राहत

देश में मानसून की दस्तक रविवार को हो गई है। केरल में सामान्य से तीन दिन पहले मानसून पहुंचा है। इसका असर उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में भी देखने को मिलेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगर वर्तमान रफ्तार से हवाएं चलती रहीं तो कुमाऊं क्षेत्र में 12 जून से मानसून की शुरुआत हो जाएगी।

पहले 21 से 22 जून तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया था। हालांकि हवाओं की रफ्तार थोड़ी सी भी धीमी हुई तो मानसून लेट हो सकता है। ऐसी स्थिति में 15 से 18 जून के बीच मौसमी बरसात शुरू होगी। जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय पंतनगर के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि सामान्यत केरल में एक जून को मानसून पहुंचता है।

इस बार 29 मई को ही मानसून पहुंच चुका है। सामान्य समय से तीन दिन पहले मानसून आना भी अच्छे संकेत दे रहा है। हवाओं की रफ्तार जिस प्रकार की है, ऐसे में 12 जून तक कुमाऊं क्षेत्र में मानसून पहुंच सकता है। इधर, डॉ. सिंह ने बताया कि 3 जून के कुमाऊं क्षेत्र में भी प्री मानसून शुरू होने का अनुमान है।