मिशन-2022 में जुटी कांग्रेस, पूर्व सीएम हरीश रावत को मिली ये कमान

कांग्रेस की दिल्ली पंचायत में पूर्व सीएम हरीश रावत को चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष के रूप में ताकत मिली ही है। रावत के नायब प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को भी हाईकमान ने संगठन के फैसलों के लिए फ्रीहैंड कर दिया है। चुनाव के लिहाज से गोदियाल को संगठन स्तर पर फेरबदल करने की छूट मिल गई है। दो दिन के भीतर कांग्रेस के प्रदेश संगठन में कुछ नई नियुक्तियों की घोषणा की जा सकती है। जिला स्तर पर भी फेरदबल तय माना जा रहा है।

बीते रोज दिल्ली में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ बैठक में संगठन में फेरबदल न हो पाने का मुद्दा भी उठा था। मालूम हो कि 22 जुलाई को प्रदेश अध्यक्ष बने गोदियाल ने पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह की टीम को यथावत रखा है। लेकिन प्रदेश और जिला स्तर पर कामकाज के आधार पर वो कुछ बदलाव भी चाहते हैं। संपर्क करने पर गोदियाल ने कहा कि जो भी बदलाव किए जाएंगे, वो पार्टी के हित में होंगे।

कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा अब नए रूप में :कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा अब नए रूप में दिखेगी। कांग्रेस प्रदेश के शीर्ष नेताओं की एक विशेष टीम तैयार कर रही है। यह टीम अलग अलग क्षेत्रों में प्रचार की कमान संभालेगी।

इस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत की तो अहम भूमिका रहनी ही है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, सांसद प्रदीप टम्टा, चारों कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय समेत कुछ और नेता भी इस कोर टीम में शामिल किए जा रहे हैं।

कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली लिस्ट अब जनवरी में :विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली लिस्ट अब जनवरी के पहले हफ्ते में जारी हो सकती है। पहली लिस्ट में 30 से अधिक प्रत्याशियों के नाम होंगे। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के अनुसार चयन प्रकिया में थोड़ा समय और लग सकता है। कांग्रेस का मानना था कि सिटिंग विधायक, वर्ष 2017 के चुनाव में कम मार्जिन से चुनाव हारे नेताओं के नाम की घोषणा पहले चरण में की जा सकती है।