फरवरी में ही पारा हो गया हाई, लगातार बढती जा रही गर्मी

राज्यभर में अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी जारी है। गर्मी का पारा अभी से काफी चढ़ा हुआ है। रोज-रोज पिछले सालों के रिकॉर्ड टूट रहे हैं। आगे हालात और बदतर होने का अंदेशा है। पटना में बुधवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा।

राजधानी में फरवरी महीने में अधिकतम तापमान का वर्ष 2021 का रिकॉर्ड टूट गया है। बुधवार को यहां सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसस पहले 28 फरवरी 2021 को पटना का अधिकतम तापमान 33 डिग्री पर पहुंचा था। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में यहां 2.1 डिग्री का इजाफा हुआ है। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34 डिग्री के पार पहुंच गया।

वहीं गर्मी बढ़ने और तपिश को महसूस करते हुए पटना के स्कूल प्रबंधनों ने अपनी ओर से बड़ा फैसला लिया है। अभी तक अप्रैल से शुरू होने वाले शैक्षणिक सत्र को इस बार मार्च में ही शुरू करने का फैसला लिया है। ज्यादातर स्कूलों में 20 से 25 मार्च से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। स्कूल प्रशासन की मानें तो ऐसा गर्मी के कारण ही किया जा रहा है। मई के पहले सप्ताह के बाद डीएम के आदेश पर तेज गर्मी के कारण स्कूल बंद हो जाता है। ऐसे में फर्स्ट टर्म का सिलेबस पूरा नहीं हो पाता। मार्च में सत्र शुरू होने से सिलेबस पूरा हो पाएगा।

राज्यभर में मौसम के तेवर से लोग समय पूर्व गर्मी महसूस कर रहे हैं। बुधवार को सूबे में बांका सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री दर्ज किया गया। सबसे अधिकतम तापमान की बढ़ोतरी सुपौर में हुई। जहां मंगलवार के मुकाबले 4.6 डिग्री तापमान ऊपर चढ़ा। मौसमविदों का कहना है कि अगले 2-3 दिन भी तापमान में कोई खास अंतर आने के आसार नहीं है। ऐसे में फरवरी में ही लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।