जानिए फरवरी में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, यूपी में कानपुर सबसे गर्म

भी से पूरे उत्तर भारत में गर्मी का तेज प्रकोप है। फरवरी में गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है। कानपुर एयरफोर्स वेदर स्टेशन के तापमान के आधार पर प्रदेश में कानपुर सबसे गर्म रहा। वहीं, कड़ी धूप ने हर किसी को परेशान कर दिया है। आगे और रिकॉर्डतोड़ गर्मी बढ़ने के आसार हैं।

फरवरी अब तक कभी इतनी गर्म (1971 से अब तक उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार) नहीं रही। मौसम का जो रुख है उसे देखते हुए माना जा रहा है कि इस वर्ष गर्मी अपने सभी पूर्व रिकॉर्ड तोड़ेगी। फरवरी के 22 दिनों में केवल दो दिन ही अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा है।

पश्चिमी विक्षोभ समय से न आने से बारिश नहीं हुई। इसका असर यह पड़ा कि दिन-रात के तापमान तेजी से चढ़ने लगे। फरवरी में जहां दिन का औसत तापमान कम रहता है, वहां यह सामान्य से 08.6 डिग्री (सोमवार 20 फरवरी) अधिक रहा। इससे पहले 07 व 10 फरवरी को यह सामान्य से 07.9 डिग्री अधिक था। ऐसा पहली बार है जब पारा सामान्य से इतना ज्यादा रहा हो।

हवा की दिशा फिर बदल गई है। अब उत्तर पश्चिमी हवाएं चल रही हैं लेकिन अब यह गर्म हैं। बुधवार को फरवरी माह की सबसे गर्म रात रही। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के वेदर स्टेशन पर अधिकतम तापमान 32 डिग्री (सामान्य से 05 डिग्री अधिक) और न्यूनतम पारा 13 डिग्री रहा। एयरफोर्स वेदर स्टेशन के अनुसार अधिकतम पारा 33.7 और न्यूनतम 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार 25 फरवरी से फिर पारा तेजी से चढ़ेगा।

बढ़ता रहेगा अधिकतम, न्यूनतम पारा फरवरी के शेष दिवसों में तापमान चढ़ने का सिलसिला जारी रहेगा। 25 फरवरी और फिर 27-28 फरवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ आना है।