लखीमपुर जाने से अखिलेश यादव समेत कई नेताओं को पुलिस ने रोका , शिवपाल फांद गए दीवार

लखीमपुर खीरी में हिंसा के बाद पूरे यूपी में बावल मचा है। विपक्ष सड़क पर है। सभी दल नेता लखीमपुर जाकर किसानों से मिलना चाहते हैं। लखीमपुर जाने की जिद पर अड़े हैं।

भाजपा को घेरना चाहते हैं लेकिन प्रशासन सख्त है। लखीमपुर जाने के लिए निकले सपा प्रमुख अखिलेश, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी,जयंत चौधरी समेत कई नेताओं को पुलिस हिरासत में ले लिया।

वहीं पुलिस को चकमा देकर घर की दीवार फंद कर निकले शिवपाल यादव को भी लखनऊ में ही रोक लिया गया और उन्हें ईको गार्डेन लाया गया। वहीं लखीमपुर खीरी में किसानों की मौत के बाद सोमवार को जनपद हापुड़ में भी जमकर बवाल हुआ।

राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी कार्यकर्ताओं के साथ लखीमपुर खीरी जा रहे थे। पुलिस टीम ने उन्हें बृजघाट टोल पर रोकने की कोशिश की। इस दौरान कार्यकर्ताओं की गणेश ट्रैक्टर से धक्का-मुक्की हो गई जिसके बाद कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़ते हुए मुरादाबाद की ओर निकल गए।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इसके पहले उनके लखनऊ स्थित आवास के बाहर जमकर बवाल हुआ। लखीमपुर जाने से रोके जाने पर अखिलेश यादव धरने पर बैठ गए। इसी दौरान उनके घर के पास थाने के सामने एक पुलिस जीप में किसी ने आग लगा दी। देखते ही देखते कार धू-धू कर जल उठी। सपाइयों ने कहा कि थाने के सामने खड़ी पुलिस जीप में पुलिस ही आग लगा सकती है।

लखीमपुर खीरी जाते समय प्रियंका गांधी को सीतापुर पुलिस ने रोक लिया। उन्हें द्वितीय वाहिनी पीएसी लाया गया है। प्रियंका को नजरबंद कर लिया गया है। पीएसी परिसर से बाहर निकालने के लिए पीएसी जवानों और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और उनके समर्थकों के बीच काफी नोंकझोक भी हुई है।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भी लखीमपुर खीरी जाना चाहते थे। मगर प्रशासन ने उन्हें लखनऊ स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट में रखा हुआ था। सोमवार सुबह वह पुलिस को चकमा देकर दीवार फांद गए। बाद में उन्हें लखीमपुर खीरी जाने की कोशिश करते समय हिरासत में ले लिया गया। वहीं राम गोपाल और बसपा नेता सतीश मिश्र को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।