महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल का बड़ा दावा , कहा पीएम मोदी केवल दो घंटे…

महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर दिन केवल दो घंटे सोते हैं। पाटिल ने यह भी कहा कि मोदी एक प्रयोग कर रहे हैं ताकि उन्हें सोने की जरूरत ही न पड़े और देश के लिए 24 घंटे काम करते रहें। बीजेपी नेता ने कोल्हापुर उत्तर विधानसभा उपचुनाव से पहले कोल्हापुर में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की।

चंद्रकांत पाटिल ने दावा किया, “पीएम मोदी केवल दो घंटे सोते हैं और हर दिन 22 घंटे काम करते हैं। वह अब प्रयोग कर रहे हैं ताकि उन्हें सोने की जरूरत न पड़े। प्रधानमंत्री देश के लिए हर मिनट काम करते हैं। मोदी नींद पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि वह 24 घंटे जागकर देश के लिए काम कर सकें।”

भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक मिनट भी बर्बाद नहीं करते हैं। प्रधानमंत्री बहुत कुशलता से काम करते हैं और देश में किसी भी पार्टी में होने वाली घटनाओं से अवगत रहते हैं।

भाजपा की महाराष्ट्र इकाई ने सत्यजीत कदम को 12 अप्रैल को कोल्हापुर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार नामित किया है। दिसंबर में कांग्रेस विधायक चंद्रकांत जाधव का निधन हो जाने के कारण इस सीट पर उपचुनाव की जरूरत हुई। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि मतों की गिनती 16 अप्रैल को होगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 28 मार्च है।