मथुरा में मचा बवाल, भाजपा कार्यकर्ताओं पर बरसीं लाठियां , जाने पूरा मामला

अस्पताल में विवाद के दौरान भाजपा की महिला नेता ने कोतवाली प्रभारी अनुज कुमार को चप्पल मार दी। कोतवाली प्रभारी से अभद्रता की खबर पाकर एक बार फिर पुलिसकर्मियों ने लाठियां बरसाईं।

जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर समेत कई आलाधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए। एसपी सुरक्षा रोहित मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट ने उत्तर प्रदेश सहकारी बैंक के चेयरमैन पूर्व सांसद तेजवीर सिंह, विधायक कारिंदा सिंह, विधायक पूरन प्रकाश, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु शर्मा, महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, सुनील चतुर्वेदी, महामंत्री राजू यादव, प्रदीप गोस्वामी आदि से वार्ता के बाद जिला प्रचारक मनोज के साथ मारपीट की घटना में दोषी पुलिस कर्मियों के निलंबन और रिपोर्ट दर्ज कराना जाना तय हुआ।

भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज की खबर मिलते ही पूरे जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम संयुक्त अस्पताल में जुट गया। विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, ब्रज क्षेत्र और जिला स्तर के नेता, कार्यकर्ता अस्पताल में एकत्रित हो गए। पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर धरने पर बैठ गए।

विवाद के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के धरना-प्रदर्शन को पुलिस ने हल्के में लिया। उसका परिणाम यह हुआ कि पुलिसकर्मियों को संघ और भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सरेआम पीट दिया।

गुस्साए पुलिसवालों ने जिला संयुक्त अस्पताल में मेडिकल कराने गए भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। इसमें भाजपा कार्यकर्ता मनीष गौतम लहूलुहान हो गए। दो अन्य कार्यकर्ताओं के अंदरूनी चोट आई हैं।

मथुरा के वृंदावन में सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से कुंभ बैठक का सफल आयोजन हुआ, लेकिन समापन के बाद शनिवार को बवाल हो गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं और पुलिस की भिड़ंत हो गई।

कभी पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को पीटा तो कभी पुलिसवालों की पिटाई कर दी गई। पूरे दिन हंगामा होता रहा। इसका खामियाजा पुलिस को ही भुगतना पड़ा। कोतवाल लाइन हाजिर कर दिए गए। चौकी इंचार्ज और एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया। मामले में पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।