दिल्ली में आज हल्की बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

दिल्ली में आठ मार्च तक धीरे-धीरे अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में गुरुवार को हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। इधर, बुधवार को अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर की आर्द्रता 95 फीसदी दर्ज की गई।

बुधवार को कई दिन बाद दिल्ली की हवा फिर बिगड़ी। यहां दिन भर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक खराब श्रेणी में 225 दर्ज किया गया। इस बीच हवा में प्रदूषक तत्व पीएम 10 जहां 97 वहीं पीएम 2.5 मध्यम श्रेणी में 95 दर्ज किया गया। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की वायु गुणवत्ता सूचकांक एजेंसी सफर के मुताबिक तीन से पांच मार्च तक हवा की गति में सुधार के बाद वायु गुणवत्ता सूचकांक में भी हल्का सुधार देखा जाएगा।

मौसम विभाग के मुताबिक छह से आठ मार्च तक दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में बादल छाए रहने की संभावना है। इस बीच दिन में सूरज लुकाछिपी करता रहेगा। इसके अलावा चार और पांच मार्च को आसमान साफ रहेगा। दिन में 25 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। सुबह और शाम में मामूली ठंड बनी रहेगी। धीरे-धीरे तापमान बढ़ेगा। न्यूनतम तापमान अगले कुछ दिन 12 से 13 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं।