फिर बदलेगा झारखंड का मौसम, 26 मार्च से आंधी-बारिश का अलर्ट

झारखंड में थोड़े से ठहराव के बाद फिर से मौसम का मिजाज बदलेगा। 23 से 25 मार्च तक आसमान साफ रहेगा। मौसम शुष्क होगा लेकिन 26 मार्च को फिर से बादल छाएंगे। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त करते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस दौरान 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मेघगर्जन और वज्रपात के साथ भारी बारिश होगी। 27 और 28 मार्च को भी मेघगर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है।

बता दें कि झारखंड में 15 मार्च से मौसम बदला। 22 मार्च तक आसमान में बादल छाए रहे और कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ हवाएं चलीं। 15 मार्च की शाम को तेज आंधी और बारिश की वजह से बिजली के खंभे और पेड़ उखड़ गए। राजधानी रांची सहित कई जिलों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। 15 मार्च को राजधानी रांची में वज्रपात से 1 बच्ची की मौत हो गई वहीं जमशेदपुर में बिजली का तार गिरने से महिला की मौत हो गई। 15-22 मार्च के दौरान वज्रपात और बारिश की वजह से आधा दर्जन लोगों की मौत हुई।

गौरतलब है कि 23-25 मार्च तक झारखंड का मौसम अपेक्षाकृत साफ और शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान 29-30 डिग्री सेल्सियस के बीच होगा वहीं न्यूनतम तापमान 17-19 डिग्री सेल्सियस के बीच होगा।