पुलिस कस्टडी से फरार हुई चार लड़कियां, पुलिस के एक अधिकारी ने किया खुलासा बताया कि…

बिहार के पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय मोतिहारी के शेल्टर होम से फरार हुई चार लड़कियों में से दो का अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस इन दोनों लड़कियों की खोज में जुटी है। सूत्रों के अनुसार लड़कियां शादीशुदा हैं और उनके फरार होने में उनके पति (प्रेमी) की संलिप्तता हो सकती है।

ऐसे में पुलिस भी सभी ऐंगल को जोड़ने में लगी हुई है। इस संबंध में पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बरामद हुई दो लड़कियों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि सभी लड़कियां रसोई घर के दरवाजे खोलकर दुपट्टे से नीचे उतरकर खेत में कूदकर फरार हुई थीं। बरामद लड़कियों ने पुलिस को बताया कि फरार लड़कियों का यहां मन नहीं लगता था और बार- बार ससुराल जाने की बात करती थीं।

वहीं, शेल्टर होम की अधीक्षक मधु कुमारी ने बताया कि दोनों लापता (फरार) लड़कियां पश्चिमी चंपारण जिले की निवासी हैं और 15 अक्टूबर को ही अदालत के आदेश के बाद आवास गृह पहुंची थीं। सूत्रों ने बताया कि दोनों नाबालिग हैं और उन्होंने अपने प्रेमी के साथ भागकर शादी कर ली थी। इसके बाद पुलिस ने लड़कियों को बरामद कर अदालत में पेश किया था।

बताया जा रहा है कि फरार लड़कियों में से एक लड़की गर्भवती भी है। बता दें कि सोमवार को समाज कल्याण विभाग के राज्य बाल संरक्षण समिति द्वारा संचालित इस शेल्टर होम की चार लड़कियां फरार हो गई थी। बाद में इनमें से पुलिस ने दो लड़कियों को बरामद कर लिया था। पुलिस के अनुसार, शेल्टर होम की अधीक्षक मधु के बयान पर मुफस्सिल थाने में इस मामले की एक एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक उपेंद्र शर्मा ने बुधवार को बताया कि फरार लड़कियां नाबालिग हैं। इस मामले में उन्होंने बताया कि एक युवक की पहचान की गई है, जिसके बहकावे पर लड़कियां फरार हुई हैं। फिलहाल, पुलिस उस युवक को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। सूत्रों का दावा है कि पुलिस ने जिस युवक की पहचान की है, उसी युवक से फरार एक लड़की ने विवाह किया है।