‘मुझे मारना चाहते हैं फडणवीस’, मराठा आरक्षण कार्यकर्ता जरांगे का उप मुख्यमंत्री पर बड़ा आरोप

मराठा आरक्षण आंदोलन कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने रविवार को एलान किया कि वह महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आवास के बाहर प्रदर्शन करेंगे। जालना के अंतरवाली सराटी में जरांगे ने करीब एक घंटे तक भाषण दिया। इस दौरान उन्होंने फडणवीस के खिलाफ कई आरोप लगाए।

‘मुझे मारना चाहते हैं फडणवीस’
जरांगे ने कहा, कुछ लोगों को मेरे खिलाफ झूठे आरोप लगाने के लिए लालच दिया जा रहा है। उन पर दबाव डाला जा रहा है। इन साजिशों के पीछे फडणवीस का हाथ है। वह मुझे मारना चाहते हैं। मैं सागर बंगले (मुंबई के मालाबार हिल में फडणवीस का आधिकारिक आवास) तक मार्च करने के लिए तैयार हूं। इस एलान ने उनके समर्थकों को हैरान कर दिया।

इस एलान से सभा स्थल पर अफरातफरी मच गई। जरांगे के समर्थक बड़ी संख्या में एकत्र हुए थे। उनमें से जब कुछ ने उनका माइक्रोफोन छीनने की कोशिश की तो जरांगे ने कहा कि वह अकेले मुंबई तक मार्च करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें इसके लिए एक छड़ी की जरूरत है।
‘आंदोलन के खिलाफ साजिश रच रहे फडणवीस’
जरांगे ने आरोप लगाया कि उपमुख्यमंत्री फडणवीस आरक्षण की मांग कर रहे मराठा सुदाय के आंदोलनों को नुकसान पहुंचाने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि फडणवीस लोगों के जरिए उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, पिछले साल जालना में प्रदर्शन के दौरान जब लाठीचार्ज हुआ था, तो फडणवीस को माफी मांगनी पड़ी थी। इससे उन्हें गहरा झटका लगा था, इसलिए अब वह मराठा आरक्षण आंदोलन को नाकाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

‘फडणवीस की मदद कर रहे कुछ मराठा नेता’
उन्होंने दावा किया राज्य सरकार फडणवीस चला रहे हैं, न कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे या उप मुख्यमंत्री अजित पवार। आरक्षण कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि फडणवीस राज्य में मराठों को धमकाने की कोशिश कर रहे हैं। उनका यह दांव उल्टा पड़ेगा। जरांगे ने कहा, भाजपा के कुछ मराठा नेता मुझे बदनाम करने में फडणवीस की मदद कर रहे हैं।