कोरोना के चलते इस राज्य में लगा 14 मार्च तक का कर्फ्यू , अब इन राज्यों की बारी

महाराष्ट्र देश का सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित राज्य है। राज्य में अब तक 21 लाख 46 हजार 777 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 52 हजार 92 मरीजों की मौत हो गई।

वहीं देश में बात करें तो केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया है कि देश में लगातार चौथे दिन कोरोना वायरस के 16 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं।

देश में कोरोना के कुल मामले बढ़कर एक करोड़ 10 लाख 96 हजार 731 हो गए हैं। अब तक एक लाख 57 हजार 51 लोगों की जान जा चुकी है। देश में एक्टिव मरीजों की संख्या 1 लाख 64 हजार है।

पुणे में रात को 11 बजे से सुबह 6 बजे के दौरान गैर-जरूरी गतिविधियों की इजाजत नहीं है। इसके अलावा स्कूल, कॉलेज और प्राइवेट कोचिंग संस्थान भी बंद हैं। सिटी में रेस्तरां को भी 11 बजे ही बंद किया जा रहा है, पहले 1 बजे तक रेस्तरां खोले जा सकते थे।

इसके अलावा शादियों में 50 से ज्यादा लोगों के पहुंचने जुर्माना लगाया जाएगा। बता दें पुणे और महाराष्ट्र के दूसरे शहरों में बीते कुछ दिनों में कोरोना के मामलों में काफी उछाल देखा गया है। जिसके बाद सख्तियां बढ़ाई गई हैं। पुणे के अलावा मुंबई, यवतमाल और कई शहरों में सरकार ने सख्ती की है।

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र के पुणे में नाइट कर्फ्यू 14 मार्च तक बढ़ा दिया गया है। स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान भी बंद रहेंगे, दूसरी तमाम पाबंदियां भी 14 मार्च तक के लिए बढ़ा दी गई हैं।

कोरोना के मामलों में उछाल के बाद 21 फरवरी को 28 फरवरी तक के लिए पुणे में नाइट कर्फ्यू और दूसरी पाबंदिया लागू की गई थीं। जिनको अब 14 मार्च तक बढ़ाया गया है।

पुणे के मेयर मुरलीधर मोहोल ने रविवार को ये जानकारी दी है। उन्होने कहा कि रात को 11 बजे से सुबह 6 बजे तक सिर्फ जरूरी सेवाओं वाले वाहनों को ही आने जाने की इजाजत होगी।