जनसंख्या नियंत्रण नीति पर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने साधा निशाना , कहा – अगले 20 वर्षो में…

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने जनसंख्या नियंत्रण की पैरवी की है। उन्होंने कहा कि मैं राष्ट्रभक्त हूं, इसलिए मानता हूं कि जनसंख्या नियंत्रण जरूरी है। आबादी पर काबू नहीं किया गया तो देश गरीब ही रहेगा।

 

हालांकि, कानून की जगह शिक्षा और जागरूकता होगी तो लोग खुद जनसंख्या नियंत्रित करेंगे। सबसे साक्षर राज्य केरल इसका सुबूत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता संजय गांधी ने भी जनसंख्या नियंत्रण के लिए कोशिश की थी, लेकिन उनका तरीका गलत था और समय सही नहीं था। इसका खामियाजा तब कांग्रेस को भुगतना पड़ा था।

भाजपा शासित राज्यों में जनसंख्या नियंत्रण नीति पर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने निशाना साधा है। थरूर ने कहा कि भाजपा राजनीतिक मकसद और एक समुदाय विशेष को लक्षित करने के इरादे से यह मुद्दा उठा रही है।

थरूर ने कहा कि जनसंख्या पर बहस बहुत ही गलत और आधी सदी पुरानी है। उन्होंने कहा कि अगले 20 वर्षो में भारत के लिए बड़ी चुनौती बढ़ती जनसंख्या नहीं, बड़ी होती आबादी है।

उत्तर प्रदेश और असम में जनसंख्या नियंत्रण कानून के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के बारे में पूछे जाने पर थरूर ने कहा कि हिंदुत्व की बात करने वाली पार्टी को जनसांख्यिकीय के बारे में कुछ पता नहीं है।

उसका मकसद पूरी तरह से राजनीतिक और सांप्रदायिक है। वहीं, कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का जनसंख्या नियंत्रण को काबू में करने के प्रस्ताव का मकसद विधानसभा चुनाव में सांप्रदायिक एजेंडे को जिंदा रखना है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले अपनी नाकामियों को छिपाने और गैर जरूरी मुद्दों को उठाने में भाजपा माहिर है।