मुख्यमंत्री गहलोत के गृह नगर जोधपुर में हुआ ऐसा, 4 युवकों ने कर दी फायरिंग

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह नगर जोधपुर में छोटी सी बात पर फायरिंग की घटना सामने आई है। शहर के मगरा पुंजला क्षेत्र में सड़क पर पड़ी कार को हटाने की बात पर हंगामा हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि 4 युवकों ने पिस्टल से फायरिंग तक कर डाली।

एक के बाद एक फायरिंग करने से एक व्यक्ति घायल हुआ है। इस बीच पुलिस ने फायरिंग करने वाले युवकों में से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है

दरसअल जोधपुर शहर के मगरा पुंजला क्षेत्र में गाड़ी हटाने की बात पर हंगामा हो गया। क्षेत्र में रहने वाले अशोक सिंह के घर का निर्माण कार्य चल रहा था। इस बीच निर्माण कार्य के दौरान गली में बजरी का ट्रैक्टर गली में आया। लेकिन गली में खड़ी एक स्विफ्ट कार बीच में रुकावट पैदा कर रही थी।

घर मलिक अशोक सिंह ने कार चालक से कार को हटाने को कहा तो कार चालक उनसे बहस करने लगा। थोड़ी देर में मामला इतना बढ़ गया कि कार चालक अशोक सिंह पर पिस्टल तान कर गाली गलौज करने लग गया। हंगामा बढ़ता देख कार चालक व उनके साथ रह रहे 3 युवकों ने गली में फायरिंग शुरू कर दी। एक के बाद एक कर 4 फायर कर चारों युवक मौके से भागने लगे। लेकिन गली वालों ने एक युवक को पकड़ लिया।

मामूली बात पर फायरिंग करने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में कार चालक गली में रह रहे लोगो को पिस्टल तान कर धमकाता नजर आ रहा है। चलती कार से बाहर निकल युवक पिस्टल से फायर करता हुआ दिखाई दे रहा है। इस फायरिंग में गली में बैठे एक व्यक्ति को गोली छूकर निकल गई। लेकिन गोली के छरे से व्यक्ति घायल हो गया। जिसको अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पुलिस को अंदेशा है कि फायरिंग करने वाले युवक तस्करी के गोरखधंधे में शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने बताया कि फायरिंग करने वाले युवक शहर में कोई वारदात को अंजाम देने आए हो सकते हैं। थानाधिकारी निशा भटनागर ने बताया कि पुलिस ने चारों युवकों की शिनाख्त कर ली है। और उनका आपराधिक रिकॉर्ड भी पता किया जा रहा है। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी तीन युवकों की तलाश की जा रही है।