बुजुर्ग महिला की हत्या कर खाया उसका मांस, गिरफ्तार आरोपी

राजस्थान पुलिस ने 24 साल के लड़के को पाली जिले में एक बुजुर्ग महिला की हत्या करने और उसका मांस खाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी हाइड्रोफोबिया से पीड़ित है और उसे गिरफ्तार करने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।आरोपी की पहचान मुंबई निवासी सुरेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है।

सुरेंद्र ठाकुर पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है और नरभक्षण का भी आरोप लगाया गया है। पाली स्थित बांगड़ अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा कि सुरेंद्र ठाकुर हाइड्रोफोबिया से पीड़ित है।

पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि घटना शुक्रवार को सेंद्रा थाना क्षेत्र के सरधना गांव में हुई। 65 वर्षीय शांति देवी अपने मवेशी चराने गई थी, तभी आरोपी ने उस पर पत्थर से हमला कर उनकी हत्या कर दी। जैतारण के पुलिस उपाधीक्षक सुखराम बिश्नोई ने कहा कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार रोगी की तरह और आक्रामक तरीके से व्यवहार कर रहा है। हमने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उसकी मेडिकल जांच चल रही है।