योगी के शपथ ग्रहण से पहले समर्थकों ने किया ऐसा, बुल्डोजर को लेकर…

उत्तर प्रदेश विधानसभा में पूर्ण बहुमत हासिल करने के बाद दोबारा सत्तासीन होने जा रही भारतीय जनता पार्टी की नई सरकार का शपथ ग्रहण शुक्रवार की शाम चार बजे यहां भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होगा और योगी आदित्यनाथ दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले भाजपा के समर्थक बेहद उत्साहित हैं।

इससे पहले भाजपा के समर्थकों ने वाराणसी, मथुरा और राज्य के अन्य हिस्सों में मंदिरों में पूजा अर्चना की। कई जगहों पर योगी के जबरा फैन बुल्डोजर की पूजा करते नजर आए। भाजपा के राज्य महासचिव गोविंद नारायण शुक्ल ने कहा कि मंदिरों में पूजा अर्चना करने के बाद समर्थक योगी के शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए निकल गए हैं।

वाराणसी से मिली जानकारी के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह में जाने से पहले भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने वाराणसी के अलग-अलग मंदिरों में पूजा अर्चना की। काशी रीजन के भाजपा के अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि वह परेड कोठी के मंदिर में गए थे। नमामि गंगे से जुड़े पदाधिकारियों ने गंगा आरती की और काशी विश्वनाथ धाम में शिवजी को दुग्ध स्नान करवाया।

प्रदेश भाजपा महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल नेबताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत देश भर के गणमान्य मेहमानों के अलावा 70 हजार कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में मंदिरों में लोक कल्याण की कामना के साथ हवन पूजन करके कार्यकर्ता शपथ ग्रहण समारोह के लिए निकले हैं। उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण का यह आयोजन राज्य के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

जिलों से मिल रही खबरों के अनुसार शपथ ग्रहण से पहले शुक्रवार की सुबह आठ से नौ बजे के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य भर के मंदिरों में जाकर लोक कल्याण के लिए पूजा अर्चना की। भाजपा के सांगठनिक 27 हजार शक्ति केंद्रों के स्तर पर कार्यकर्ताओं को पार्टी ने यह जिम्मेदारी सौंपी थी।

वाराणसी के भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने बताया कि वाराणसी के लगभग 2000 से अधिक पदाधिकारी लखनऊ में योगी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इसके लिए बसों और चार पहिया वाहनों से कार्यकर्ता लखनऊ के लिए रवाना हो गये।