मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले प्रियंका गांधी ने किया ये बड़ा वादा , कहा मुफ्त मिलेगा ये सब

ध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी के बाद कांग्रेस ने भी महिलाओं पर बड़ा दांव चल दिया है। भाजपा ने ‘लाडली बहना योजना’ के तहत महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपए देने की शुरुआत की तो अब कांग्रेस ने सरकार बनने पर महिलाओं को सालाना 18 हजार (मासिक 1500) रुपए सहायता देने का वादा किया है। सोमवार को जबलपुर में प्रियंका गांधी ने 500 रुपए में सिलेंडर और 100 यूनिट मुफ्त बिजली देने का भी वादा किया है।

विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ा दांव चलते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को ‘मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना’ की शुरुआत की। इसके तहत गरीब और मध्यम वर्ग की करीब 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में हर महीने एक-एक हजार रुपए दिए जाएंगे।

23 से 60 साल आयुवर्ग की महिलाओं को हर महीने की 10 तारीख को एक-एक हजार रुपये जारी किए जाएंगे। शिवराज सिंह चौहान ने यह भी वादा किया है कि धीरे-धीरे इस सहायता राशि को बढ़ाकर 3 हजार रुपए मासिक किया जाएगा। राज्य में इस साल के अंत तक विधानसभा के चुनाव होने हैं। राज्य में पांच करोड़ 40 लाख मतदाता हैं, इनमें महिला मतदाताओं की संख्या दो करोड़ 60 लाख है। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस की कोशिश अधिक से अधिक महिला वोटर्स को अपने पाले में लाने की है।

प्रियंका गांधी ने मंच से कई बड़े वादे करते हुए कहा कि सरकार बनने पर इन्हें लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल और कर्नाटक में भी ये वादे किए गए थे और सरकार बनते ही पूरा किया गया। प्रियंका गांधी ने कहा, ‘हर महीने महिलाओं को 1500 रुपए दिए जाएंगे। गैस का सिलेंडर 500 रुपए में मिलेगा। 100 यूनिट बिजली माफ होगी। 200 यूनिट तक बिजली बिल को हाफ किया जाएगा। मध्य प्रदेश में भी ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू किया जाएगा। किसानों की कर्जमाफी का काम जो शुरू किया था उसे पूरा किया जाएगा, बचे हुए किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा।’