यूपी के बाद अब उत्तराखंड में भी कांग्रेस का समर्थन करेगी जयहिंद जय भारत पार्टी, पढ़े पूरी खबर

जयहिंद जय भारत पार्टी यूपी के साथ-साथ उत्तराखंड में भी कांग्रेस का समर्थन करेगी। सोमवार को राजीव भवन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व सीएम हरीश रावत के साथ संयुक्त प्रेस कांफ्रेस में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चतर सिंह कश्यप ने इसकी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि देश बेरोजगारी और महंगाई की ओर तेजी से बढ़ रहा है। युवा अपने भविष्य का लेकर परेशान है। इसलिए पार्टी ने कांग्रेस का साथ देने का निर्णय किया है।

उत्तराखंड में छह से सात प्रतिशत तक पिछड़े और वंचितों को कांग्रेस के साथ जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। क्या चुनाव में कांग्रेस से किसी सीट के लिए टिकट मांगा जाएगा? कश्यप ने कहा पार्टी केवल सरकार बनवाने के लिए प्रयास करेगी। कांग्रेस सरकार बनने के बाद कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों को जो चाहे दायित्व दे सकती है।

गोदियाल ने स्वागत करते हुए कहा कि कुछ वर्ग पांच साल पहले झूठे वादों और जुमले में फंस कर भाजपा के निकट चले गए थे। अब मोहभंग होने पर वो सच्चाई की ओर लौटने लगे हैं। कांग्रेस अपने सभी साथियों को अपनी नीति-रीति के अनुसार आगे बढृाने का काम करेगी। इस मौके पर कविंद्र सिंह चौधरी, देवानंद कश्यप, साबिर चौधरी, अजीत सिंह, चतर सिंह सैनी, डा. नरेश कश्यप, अमित सैनी, विशाल कश्यप आदि मौजूद रहे।