बिरयानी खरीदने गई महिला से कार सवार डॉक्टर ने की छेड़खानी, फिर घसीटने का किया प्रयास

खनऊ में गोमतीनगर के विनयखण्ड में रविवार रात बिरयानी खरीदने गई एक महिला से कार सवार डॉक्टर ने छेड़खानी की। विरोध करने पर सरेआम डॉक्टर ने अपने साथी के साथ महिला को कार में घसीटने का प्रयास किया।

शोर मचाने पर आस पास के लोग मदद के लिये दौड़े तो दोनों आरोपित महिला को धमकाते हुये फरार हो गए। कन्ट्रोल रूम में सूचना देने पर पहुंची गोमतीनगर पुलिस ने सीसी कैमरें की फुटेज खंगाली तो आरोपितों की पहचान डॉक्टर प्रशांत और उसके साथी शुभम के रूप में हुई। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

राहगीरों ने पुलिस को बताया कि महिला दोनों की हरकत से काफी डर गई थी। रात में ऐसी घटना से आस पास मौजूद लोग भी सकते में आ गये थे। एडीसीपी पूर्वी सै. अली अब्बास ने बताया कि महिला की शिकायत पर 24 घंटे के अंदर ही आरोपितों को पकड़ लिया गया। इस मामले में छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।

घर जाते समय की छेड़छाड़ 33 वर्षीय पीड़िता ने एफआईआर में लिखाया है कि रविवार शाम को वह विनीतखंड में बिरयानी खरीदने गई थी। रात करीब आठ बजे वह घर लौटते समय मलिक टिम्बर तक पहुंची ही थी कि पीछे से कार से दो युवक आये और उनसे छेड़छाड़ करने लगे।

विरोध करने पर दोनों ने उन्हें कार के अंदर घसीटने का प्रयास किया। उसके शोर मचाने पर लोग मदद के लिये दौड़े तो दोनों भाग निकले। इंस्पेक्टर गोमतीनगर दिनेश चन्द्र मिश्रा ने बताया कि जांच में सामने आया कि दोनों आरोपित विनीतखण्ड निवासी डॉ. प्रशांत यादव व शुभम भट्ट है। इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। डॉ. प्रशांत डेंटिस्ट है। घटना के समय दोनों नशे में थे। पीड़िता ने कन्ट्रोल रूम में सूचना दी थी।