ट्रेनिंग के दौरान CRPF के 2 जवानों की मौत , जानिए कैसे…

झारखंड में ट्रेनिंग के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 2 जवानों की मौत हो गई। दोनों जवानों ने सीने में दर्द की शिकायत की थी। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मृत जवानों में सीआरपीएफ 13 बटालियन के हवलदार प्रेम कुमार सिंह और बटालियन-7 के शंभूराम गौड़ हैं। प्रेम कुमार सिंह मणिपुर वहीं शंभूराम गौड़ बिहार के रहने वाले थे। दोनों को सीने में दर्द की शिकायत के बाद जमशेदपुर के मेडिट्रीना हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 2 घंटे के अंतराल पर दोनों जवानों की मौत हो गई।

सीआरपीएफ के वरीय पदाधिकारियों ने घटना पर दुख जताया है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि घटना वाले दिन जवानों से कठिन शारीरिक मेहनत नहीं कराई गई थी। बताया जाता है कि बानालोपा स्थित बटालियन-193 मुख्यालय से 275 जवानों में से 265 ने प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण के पश्चात तकरीबन 10:30 बजे तक सभी जवान अपने-अपने बैरक में चले गए थे कि तभी दोनों जवानों को सीने में दर्द उठा।

सीआरपीएफ जवानों की यूं अचानक मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है लेकिन लक्षणों के आधार पर दोनों की मौत हार्टअटैक से होने की आशंका व्यक्त की गई है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक सीआरपीएफ के मुसाबनी जोनल ट्रेनिंग सेंटर में जवान प्रेम कुमार सिंह और शंभूराम गौड़ ट्रेनिंग कर रहे थे तभी अचानक उनके सीने में दर्द उठा और बेहोश होकर गिर पड़े। साथियों ने आनन-फानन में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। परिजनों को खबर की गई है।