हिंदी की मशहूर लेखिका कृष्णा सोबती का निधन

हिंदी की मशहूर लेखिका कृष्णा सोबती का 94 साल की उम्र में निधन हो गया है। वरिष्ठ पत्रकार ओम थानवी ने अपने फेसबुक पोस्ट में इस बात की जानकारी दी है।

उन्होंने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा, “हिन्दी की शिखर-गद्यकार, अन्याय के विरुद्ध सदा एक सशक्त आवाज कृष्णा सोबती सुबह नहीं रहीं। हाल में जब उनसे अस्पताल में मिलकर आया, बोली थीं कि आज ‘चैस्ट’ में दर्द उठा है। हालांकि तब भी देश के हालात पर अपनी व्यथा जाहिर करती रहीं। हम ही उन्हें छोड़कर उठे। कहते हुए कि दर्द ठीक हो जाएगा। आपको सौ साल पूरे करने हैं। उस दशा में भी वे मुस्कुरा दी थीं। जबकि सचाई हम सबके कहीं करीब ही थी। शायद यही सोच मैंने कुछ तसवीरें लीं। शायद उनकी आखिरी छवियां। वे 94 साल की थीं। पर हजार साल जी कर गई हैं। उनका लिखा गवाह है। विदा कृष्णाजी! अलविदा!”