हथियार लहराते हुए BJP विधायक ने किया तमंचे पे डिस्को, अब गिरी गाज

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को हथियारों के साथ डांस करते वायरल हुए एक वीडियो के मामले में उन्हें अनिश्चितकाल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया है। साथ ही नोटिस जारी कर उनसे 10 दिन में जवाब मांगा है।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन ने गुरुवार को बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अजय भटृ के निर्देश पर महामंत्री अनिल गोयल ने खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को आज निष्कासन का नोटिस भेज दिया गया है। भाजपा की ओर से भेजे गए नोटिस में विधायक से पूछा गया है कि क्यों न उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया जाए। आप 10 दिन के अंदर इस बारे में पार्टी को अपना जवाब दें। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्हें पार्टी से निष्कासित भी किया जा सकता है। अब वो अनिश्चितकाल के लिए भाजपा के किसी भी कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

उल्लेखनीय है कि खानुपुर विधायक चैंपियन का विवादों से गहरा जुड़ाव रहा है। एक के बाद एक विवादों को लेकर वे हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। भाजपा से पहले कांग्रेस में भी कई मौके पर पार्टी को असहज करते रहे हैं। हाल ही में पत्रकार प्रकरण को लेकर भाजपा ने उन्हें पार्टी से तीन माह के लिए निलंबित किया था। अब फिर एक वायरल हुए एक वीडियो में वे हथियारों के साथ डांस करते और उत्तराखंड के बारे में गलत शब्दों के प्रयोग को लेकर भाजपा सख्त कदम उठाने जा रही है। फिलहाल भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेश नेतृत्व ने विधायक चैंपियन पर यह कार्यवाही की है।