यूपी के 55 जिलों में हटा कोरोना कर्फ्यू , जानिए क्या रहेंगी गाइडलाइंस

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर अब कम होने लगा है। संक्रमण के मामलों में तेजी से गिरावट आ रही है। लेकिन अब भी दैनिक मामलों की संख्या एक लाख से ज्यादा है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के आकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1 लाख 26 हजार 698 नए मामले पाए गए और इस दौरान 2782 लोगों की मौत हुई। वहीं 2 लाख 54 हजार 975 लोग ठीक भी हुए हैं।

रविवार को 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 1,52,734 नए मामले दर्ज हुए, जबकि 3,128 लोगों की मौतें हुई हैं। राहत की बात है कि 2,38,022 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 2.8 करोड़ हो गई है।

वहीं इस खतरनाक वायरस ने अबतक 3.29 लाख लोगों की जान ले ली। जबकि कुल 2.57 करोड़ लोग डिस्चार्ज हो गए हैं। वहीं सक्रिय मामलों की संख्या 20,26,092 है।

उत्तर प्रदेश में जारी गाइडलाइंस के मुताबिक, प्रदेश में शादी और अन्य आयोजनों में अधिकतम 25 लोग ही शामिल हो सकते हैं। वहीं, शव-यात्रा में अधिकतम 20 लोगों के शामिल होने की इजाजत है। जबकि खाद, बीज, कृषि उत्पादों और संयंत्रों की दुकानें खोलने की अनुमति दी गई है।

कोरोना के मामलों में कमी आने के बाद यूपी में एक जून से 75 में से 55 जिलों में कोरोना कर्फ्यू हटाने का फैसला लिया गया है। इन जिलों में कोरोना के ऐक्टिव केस 600 से कम हैं।

वहीं, लखनऊ समेत 20 जिलों में पहले की तरह की आंशिक कोरोना कर्फ्यू जारी रहेगा क्योंकि यहां 600 से ज्यादा केस सामने आ रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ की अगुआई में हुई टीम-9 की बैठक के बाद अनलॉक की गाइडलाइंस जारी करने का आदेश दिया गया।

देश के कई राज्यों में कोरोना वायरस की रफ्तार अब कम होती दिख रही है। ऐसे में लॉकडाउन के गाइडलाइंस में छुट देते हुए राज्यों को ‘अनलॉक’ करना शुरू कर दिया गया है, जो करीब एक महीने बंद थे। दिल्ली और जम्मू-कश्मीर में 31 मई से ही अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

वहीं उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में 1 जून यानी आज से अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो रही है। जबकि महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्य ऐसे भी हैं जहां अभी भी कोरोना मामलों की संख्या को देखते हुए लॉकडाउन जारी रहेगा।